परासपानी से दिग्विजय सिंह का तीखा प्रहार, बोले - मनरेगा लूटी जा रही, आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही
कांग्रेस आदिवासियों, किसानों और मजदूरों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी
ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन, आदिवासी युवाओं को संगठन में निर्णायक भूमिका
Seoni 07 February 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का सिवनी जिले के कुरई विकासखंड अंतर्गत ग्राम परासपानी में जोरदार राजनीतिक आगमन हुआ। इस दौरान ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन किया गया, जिसमें क्षेत्र के आदिवासी युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
मनरेगा पर सीधा हमला – नाम बदला, काम बिगाड़ा
दिग्विजय सिंह ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में इस योजना ने ग्रामीण मजदूरों और किसानों को सम्मानजनक रोजगार दिया, लेकिन मोदी सरकार ने मनरेगा का स्वरूप बिगाड़ दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज मनरेगा में मशीनों से काम कराकर मजदूरों का हक छीना जा रहा है और भाजपा नेताओं के संरक्षण में भर्जी भुगतान और खुला भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
आदिवासी जमीन पर कब्जे का आरोप, कांग्रेस करेगी आर-पार की लड़ाई
पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा के विधायक और मंत्री दूसरे जिलों के आदिवासियों के नाम पर इस क्षेत्र में जमीनें खरीद रहे हैं, जिससे स्थानीय आदिवासी अपने ही क्षेत्र में हाशिये पर धकेले जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधायक संजय पाठक द्वारा खरीदी गई जमीन को लेकर कांग्रेस पार्टी आदिवासियों को उनका हक वापस दिलाने के लिए संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।

मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश बर्दाश्त नहीं
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश की जा रही है।
उन्होंने दो टूक कहा कि –
कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र पर इस हमले को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
किसानों के साथ अंतरराष्ट्रीय सौदे में बड़ा धोखा
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि –
ट्रम्प से हुई डील के बाद अमेरिका से बिना टैक्स कृषि उत्पाद भारत लाए जाएंगे, जिससे देश के किसानों की फसलों के दाम गिरेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि –
मक्के जैसी हालत सभी फसलों की हो सकती है और किसान पूरी तरह बर्बादी की ओर जाएंगे।

ज्ञापन सौंपा, क्षेत्रीय समस्याओं से कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर दिग्विजय सिंह को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को गंभीरता से उठाएगी।
सुकतरा ब्लॉक कांग्रेस के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन देखने को मिला।
दिग्विजय सिंह ने अंत में कहा कि-
कांग्रेस ही आदिवासियों, किसानों और मजदूरों की सच्ची आवाज है और यह लड़ाई निर्णायक मोड़ तक ले जाई जाएगी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी,
केवलारी विधायक ठा. रजनीश सिंह,
बरघाट के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिया,
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजा बघेल सहित
जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन मौजूद रहे।



