मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

हर घर में लगेंगे फलदार पौधे, मिलेगा पोषण और बढ़ेगी आमदनी

एकल अभियान व सामाजिक संस्थाओं की अनूठी पहल, 31 जुलाई को चारगांव कर्बल में होगी 'वन यात्रा'

छिंदवाड़ा: हर घर फलदार पौधे लगाने की मुहिम, 31 जुलाई को वन यात्रा और पौध वितरण

chhindwara 25 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- ग्रामीण परिवारों को पोषण के साथ अतिरिक्त आय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकल अभियान एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा “हर घर फलदार पौधे” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार के आंगन और बाड़ी में फलदार पौधे लगाकर लोगों को “फल खाओ, खिलाओ और कमाओ” का संदेश देना है।

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि प्रत्येक घर में आम, जाम, जामुन, नींबू, मुनगा जैसे फलदार पौधे लगाए जाएं तो परिवारों को पौष्टिक फल तो मिलेंगे ही, अतिरिक्त उत्पादन से आर्थिक लाभ भी होगा। इससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।

स्व. रमा अग्रवाल ने शुरू की थी मुहिम

इस अभियान की शुरुआत करीब 10 वर्ष पहले समाजसेवी एवं एकल अभियान से जुड़ी स्वर्गीय सुश्री रमा अग्रवाल ने की थी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रमा अग्रवाल ने शहर के कई स्थानों पर पीपल और बरगद के पौधे लगवाकर उन्हें संरक्षित किया, जो आज विशाल वृक्ष बनकर लोगों को स्वच्छ वातावरण प्रदान कर रहे हैं।

अंबामाली गांव बना मिसाल

करीब छह वर्ष पहले मोहखेड़ विकासखंड के अंबामाली गांव में एकल अभियान एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रत्येक परिवार को आम, जाम, जामुन और नींबू के चार-चार पौधे वितरित किए गए थे। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ पौधारोपण किया। आज गांव के लगभग 80 प्रतिशत घरों में फलदार पौधे तैयार हो चुके हैं और कई परिवार इनका लाभ भी ले रहे हैं।

31 जुलाई को चारगांव कर्बल में पौधों का वितरण

एकल अभियान एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा 31 जुलाई (शुक्रवार) को मोहखेड़ ब्लॉक के चारगांव कर्बल में वन यात्रा एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों को नींबू और जाम के पौधे नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार नींबू वर्ष में दो बार फल देता है और बाजार में इसकी लगातार मांग रहती है। इसी तरह जाम भी एक लाभदायक फल है, जिसकी अच्छी कीमत मिलती है। इसके अलावा आम, मुनगा और जामुन के पौधे भी समय-समय पर ग्रामीणों को नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं।

सामाजिक संस्थाओं का मिल रहा सहयोग

अभियान में एकल अभियान के पुरुषोत्तम साहू, प्रशांत नंदनवार, गोविंद चौरसिया, विनोद तिवारी, कुबेर सूर्यवंशी सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इसके अलावा गांधीगंज व्यापारी मंडल, लायंस क्लब, वैश्य महासम्मेलन, आर्य समाज, रोटरी क्लब, जनपरिषद तथा अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी अभियान को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

वन यात्रा और वन भोज का होगा आयोजन

चारगांव कर्बल में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवी, प्रगतिशील किसान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे। वन यात्रा के साथ वन भोज का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा भी नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सरकार से अभियान को विस्तार देने की मांग

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि सरकार इस पहल को प्रदेश के सभी गांवों में लागू करे और सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करे तो हर गांव किसी न किसी फल विशेष के लिए पहचान बना सकता है। इससे ग्रामीणों को पोषण, पर्यावरण संरक्षण और अतिरिक्त आय—तीनों का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़े :-

मुख्यमंत्री से भूमि पूजन, योजना पहले ही समाप्त! आखिर सिवनी नगर पालिका में हुआ क्या?

मुकेश की 103वीं जन्म जयंती पर सिवनी में गूंजे सदाबहार नगमे

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से इंजीनियर संतोष डेहरिया बने सफल उद्यमी, 6 युवाओं को दिया रोजगार

पेंच टाइगर रिजर्व में 47 मैदानी कर्मचारियों को मिली पदोन्नति, पिपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे स्टार 

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button