छपारा में सकल हिंदू समाज का भव्य हिंदू सम्मेलन संपन्न, आस्था और एकता का विराट प्रदर्शन
हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता, कलश यात्रा से लेकर भंडारे तक रहा भक्ति-उत्साह का माहौल
Seoni 03 February 2026
छपारा यशो:- नगर छपारा में सोमवार को आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य संगम देखने को मिला। सकल हिंदू समाज, छपारा के तत्वावधान में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए। पूरे नगर में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
कलश यात्रा से हुआ सम्मेलन का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे भव्य कलश यात्रा से हुई। यह यात्रा श्रीराम मंदिर एवं हनुमान मंदिर (संजय कॉलोनी) से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए कृषि उपज मंडी, छपारा स्थित आयोजन स्थल पर पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं, भगवा ध्वजों के साथ चलते युवा और जयघोष से गूंजता नगर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करता रहा।

मुख्य वक्ताओं ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक (महाकौशल प्रांत) श्री ब्रजकांत जी भाईसाहब मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हिंदू समाज को संगठित रहने, सनातन संस्कृति की रक्षा करने तथा राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उज्जैन से पधारीं सुश्री शालिनी वर्मा ने समाज में संस्कार, जागरूकता और एकता के महत्व पर प्रेरक संबोधन दिया।
संत सानिध्य से बढ़ी सम्मेलन की आध्यात्मिक गरिमा
इस भव्य आयोजन को अनंत श्री विभूषित धर्म सम्राट जगद्गुरु स्वामी श्री प्रज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज का विशेष सानिध्य
एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ,
जिससे सम्मेलन की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई।
“हमारा धर्म – हमारी पहचान” का आह्वान
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने “हमारा धर्म – हमारी पहचान” का संदेश देते हुए समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
आयोजन स्थल पर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का स्पष्ट संदेश दिखाई दिया।
भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया,
जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए नगरवासियों,
युवाओं एवं समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



