सिवनी और लखनादौन में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा जिला
12 अगस्त को सिवनी में तिरंगा पदयात्रा, 14 अगस्त को लखनादौन में मोटरसाइकिल यात्रा; सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक होंगे शामिल
सिवनी तिरंगा यात्रा – सिवनी में 12 और लखनादौन में 14 अगस्त को होगा आयोजन
Seoni 10 August 2026
सिवनी यशो:- राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिले में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिला भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा के जिला प्रभारी नवनीत सिंह ठाकुर ने बताया कि 12 अगस्त को दोपहर 2 बजे सिवनी नगर में तिरंगा पदयात्रा तथा 14 अगस्त को प्रातः 11 बजे लखनादौन में तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी।
सांसद और विधायक सहित बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल
तिरंगा यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सिवनी-बालाघाट लोकसभा सांसद भारती पारधी, भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, गजानंद पंचेश्वर, मुकेश बघेल सहित सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल होंगे।
पुलिस ग्राउंड से शुरू होगी सिवनी की तिरंगा पदयात्रा
सिवनी नगर में तिरंगा पदयात्रा का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड सिवनी से दोपहर 2 बजे होगा। यात्रा बाहुबली चौक, गणेश चौक, शुक्रवारी बाजार और नगरपालिका चौक होते हुए गर्ल्स कॉलेज, सिवनी पहुंचेगी।
इसके बाद पुरानी जेल परिसर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा और इसी के साथ तिरंगा पदयात्रा का समापन होगा।
लखनादौन में निकलेगी मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा
इसी क्रम में 14 अगस्त को प्रातः 11 बजे लखनादौन में मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ नरसिंहपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर से होगा। इसके बाद यात्रा भाजपा कार्यालय के सामने से होते हुए पेट्रोल पंप चौराहा, सिहोरा, कहानी, मेहता और घंसौर होते हुए भिलाई स्थित वीर शहीद प्रवीण राजपूत की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
यहां वीर शहीद प्रवीण राजपूत की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यात्रा का समापन किया जाएगा।
जिला स्तरीय टीम को सौंपी जिम्मेदारियां
सिवनी तिरंगा पदयात्रा के प्रभारी पीजी कॉलेज के जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पांडे तथा लखनादौन मोटरसाइकिल यात्रा के प्रभारी जिला भाजपा उपाध्यक्ष अनिल गोल्हानी रहेंगे।
जिला स्तरीय टीम में जिला उपाध्यक्ष गोमती ठाकुर, संतोष नगपूरे, जिला मंत्री पीयूष दुबे, सुभाष यादव एवं हेमेंद्र गुमास्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रभारी नवनीत सिंह ठाकुर ने जिलेवासियों से तिरंगा यात्राओं में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने की अपील की है।
यह भी पढ़े :-
मंडला में नर्मदा उफान पर, निचली बस्तियां खाली कराई गईं; जलाशय में मजदूर बहा, LIVE वीडियो आया सामने
विश्व शांति और राष्ट्र उन्नति के संकल्प के साथ हुआ रुद्राभिषेक
भोपाल-रीवा समेत चार नई हवाई सेवाओं का आज शुभारंभ, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ
नपा में तृतीय श्रेणी कर्मचारी को CMO की कुर्सी, राजिक अकिल का भाजपा पर तीखा हमला



