पेंच टाइगर रिज़र्व से दिल दहला देने वाला वीडियो — बाघिन और शावकों ने किया हिरण के बच्चे का शिकार
खुर्सापार गेट क्षेत्र में वाइल्डलाइफ़ फोटोग्राफर के कैमरे में कैद हुआ शिकारी स्वभाव का यह दुर्लभ दृश्य, सोशल मीडिया पर वायरल
Seoni 12 October 2025
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले स्थित पेंच टाइगर रिज़र्व से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक बाघिन और उसके शावकों द्वारा हिरण के बच्चे का शिकार करते हुए देखा जा सकता है। यह घटना खुर्सापार गेट क्षेत्र की बताई जा रही है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि बाघिन पहले हिरण के बच्चे को पकड़ती है, फिर उसके कान पर वार कर ज़मीन पर गिरा देती है। तभी आसपास झाड़ियों में छिपे दो से तीन शावक वहां पहुंचते हैं और मिलकर उस मासूम हिरण के बच्चे पर टूट पड़ते हैं। कुछ ही पलों में जंगल बाघिन की दहाड़ और हिरण के बच्चे की चीखों से गूंज उठता है, और वह नन्हा जीव उनके भोजन में तब्दील हो जाता है।
इस पूरे दृश्य को वन्यजीव फोटोग्राफर मोनू दुबे ने शनिवार को अपने कैमरे में कैद किया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लोग इसे देखकर जंगल के असली नियमों और जीवन चक्र की कठोर सच्चाई पर चर्चा कर रहे हैं — जहां हर शिकारी का जीवन किसी और के अंत से जुड़ा होता है।



