ट्रक से सागौन का अवैध परिवहन, एक को पहुँचाया जेल, ट्रक होगा राजसात , आरोपियों की तलाश जारी
Seoni 06 April 2025
सिवनी यशो: – पेंच टाइगर रिजर्वसिवनी एवं दक्षिण सामान्य वनममण्डल के बरघाट, कुरई और खवासा वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम द्वारा गत 5 अप्रैल को अवैध सागोन वनोपज परिवहन करते हुए एक ट्रक क्रमांक MH 40 CT 6029 को मुखबिर सूचना के आधार पर खवासा टोल के पास पीछा करके पकड़ा था । ट्रक द्वारा 32 नग सागौन के लठ्ठे अवैध रूप से परिवहन किये जा रहे थे । इस कार्य में शामिल 2 व्यक्ति, पीतम बग़ारे उम्र 31 वर्ष, निवासी परसवाड़ा, बालाघाट, एवं एक अपचारी बालक को पकड़ कर, वन परिक्षेत्र खवासा बफर के अंतर्गत वन अपराध क्रमांक 25404/6 – 5/4/25 पंजीबद्ध किया गया है एवं वाहन को 32 नग सागौन लठ्ठे (लगभग 9. 057 घन मीटर) का अवैध परिवहन करने के कारण जप्त किया गया है।
आरोपी पीतम बग़ारे को माननीय न्यायालय जिला सिवनी में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, एवं अपचारी बालक को उसके परिजन को सौंप दिया गया है, जिसे किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है। प्रकरण से संबंधित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रकरण में जप्त किए गए वाहन की राजसात की कार्यवाही प्रस्तावित की जा रही है।
इस कार्यवाही मे परिक्षेत्र अधिकारी रुखड़ बफर शुभम बडोनीया, खवासा परिक्षेत्र के प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी संतोष पटेल, बरघाट परिक्षेत्र अधिकारी पीयूष गौतम, परिक्षेत्र अधिकारी उत्पादन सुश्री स्वाति सिन्हा, परिक्षेत्र सहायक खवासा श्री सतीराम उईके, परिक्षेत्र सहायक पिपरिया श्री शारिक खान, एवं परिक्षेत्र सहायक आमागढ़ के के चौरसिया, वन रक्षक माखन सिंह डिबरिया एवं राजेश मालवीय वाहन चालक सहित अन्य वन कर्मचारीयों की भूमिका सराहनीय रही।






