भाजपा कार्यालय में अटल जी जयंती पर कवि सम्मेलन संपन्न
राष्ट्रभक्ति, रामभक्ति और साहित्यिक चेतना से गूंजा भाजपा कार्यालय
Seoni 25 December 2025
सिवनी यशो:- भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में एक भव्य एवं भावपूर्ण कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के निर्देशानुसार तथा तरुण मुनिया टांक के संयोजकत्व में संपन्न हुआ।

अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पांजलि अर्पित
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात कवि सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया गया।

ओज, राष्ट्रभक्ति और रामभक्ति से सराबोर कवि सम्मेलन
कवि सम्मेलन में प्रस्तुत ओज, राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और रामभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अंबिका शर्मा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से की गई। इसके पश्चात जबलपुर से पधारे कवि विनोद नयन (इंजी., जबलपुर) ने रामभक्ति से ओत-प्रोत पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं—
“जितने बचे थे बाकी, सारे काम हो गए,
श्रीराम अयोध्या में विराजमान हो गए।”
आज़ाद वर्मा की सशक्त प्रस्तुति ने बांधा समां
इसके बाद सतना से पधारे कवि आज़ाद वर्मा ने सशक्त शब्दों में अपनी प्रस्तुति देते हुए कहा—
“पंखहीन चिड़िया को आकाश से क्या वास्ता,
नैनहीन मानव को प्रकाश से क्या वास्ता।
हिल जाए कैलास जैसे संतों के चरणों में,
तब देखो काशी, बद्री और कैलास से क्या वास्ता।”
देशभक्ति की कविताओं से गूंजा सभागार
इसके पश्चात अंबिका शर्मा ने देशभक्ति की भावना को स्वर देते हुए कहा—
“देश पर न्योछावर तन-मन उन दीवानों को नमन,
देश ही जिनकी धड़कन, उन दीवानों को नमन।”
हास्य-व्यंग्य से व्यवस्था पर प्रहार
कवि रामकुमार चतुर्वेदी ने हास्य-व्यंग्य की कविताओं के माध्यम से वर्तमान व्यवस्था एवं नई पीढ़ी के दिशाहीन होने पर सटीक प्रहार किया।

‘चातक’ की ओजस्वी रचना से राष्ट्रप्रेम का संचार
वरिष्ठ कवि रमेश श्रीवास्तव ‘चातक’ की ओजस्वी रचना ने श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया—
“भारत की इस पुण्य धरा पर इक दिन ऐसा आएगा,
बच्चा-बच्चा गली-गली में वंदे मातरम् गाएगा।
देशप्रेम की बलिवेदी पर बलि होंगे नौजवान जहाँ,
नील गगन में प्यारा तिरंगा सदियों तक लहराएगा।”
अन्य कवियों की प्रस्तुतियों ने बढ़ाई गरिमा
रामकुमार चतुर्वेदी, विनोद चयन (इंजी., जबलपुर), आज़ाद वतन शर्मा (सतना), श्रीमती अविका शर्मा, संजय जैन (संजू) सहित अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से सभा को राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर कर दिया।

पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने अटल जी के कृतित्व पर डाला प्रकाश
कवि सम्मेलन के पश्चात पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि ऐसे विचारक थे जिन्होंने कविता, संवेदना और राष्ट्रनीति को एक सूत्र में पिरोया।
जनप्रतिनिधियों ने किया कविगणों का स्वागत
कविगणों का स्वागत सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक राकेश पाल एवं वरिष्ठ नेता वेदसिंह ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
चार वर्षीय बालक का भाषण बना कार्यक्रम का भावुक क्षण
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया,
जब मात्र चार वर्षीय बालक मालविक पाल ने अटल जी एवं
सुशासन दिवस पर शानदार भाषण दिया। उसकी आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित, आभार प्रदर्शन
भाजपा जिला कार्यालय स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता,
जिले के पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिवनी नगर मंडल उत्तर के अध्यक्ष युवराज सिंह रांहगडाले एवं
दक्षिण मंडल के अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने कविगणों का आभार व्यक्त किया।
भारत माता की जय के उद्घोष के साथ समापन
अटल जी जयंती पर कवि सम्मेलन सिवनी – का समापन वंदे मातरम् एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।



