केंद्रीय विद्यालय सिवनी में प्रबंधन समिति की बैठक, शैक्षणिक गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर नेहा मीना ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आधुनिक शिक्षण सुविधाओं पर दिया जोर
सिवनी केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक, शैक्षणिक गुणवत्ता पर जोर
Seoni 09 September 2026
सिवनी यशो:- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सिवनी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्टर एवं समिति की अध्यक्ष श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, अधोसंरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने, कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों की प्रगति की निरंतर निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं समिति के सचिव श्री दीपक कुमार साहू ने बैठक के विभिन्न एजेंडा बिंदुओं को प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं तकनीकी संसाधनों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था और उनके बेहतर उपयोग पर चर्चा हुई।
विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कक्षाओं में टच पैनल स्थापित करने तथा पहले से लगे टच पैनल की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा विद्यालय भवन एवं स्टाफ क्वार्टर की रंगाई-पुताई, परिसर में आवागमन सुविधा के विकास और अन्य आवश्यक अधोसंरचना कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पीएम श्री योजना के अंतर्गत बालिका विद्यार्थियों के लिए आवश्यक स्वच्छता सामग्री तथा प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों और शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ के गठन के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़े :-
आवारा मवेशी को बचाने में पलटा ट्रक, चार घायल
माटी गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
छपारा में अवैध शराब का बढ़ता कारोबार, हादसे से पहले जागे प्रशासन
नीट-जेईई की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा सुनहरा अवसर



