जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग युवक के पास खुद पहुंचे कलेक्टर, ट्राईसाइकिल दिलाने के दिए निर्देश
सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल था तो कलेक्टर हरेंद्र नारायण कुर्सी छोड़कर नीचे आए, गुब्बारे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता है शंकर कहार
छिंदवाड़ा जनसुनवाई में दिव्यांग युवक के पास खुद पहुंचे कलेक्टर, ट्राईसाइकिल दिलाने के दिए निर्देश
Chhindwara 11 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जनसुनवाई में मंगलवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायण की संवेदनशीलता का उदाहरण देखने को मिला। अपनी समस्या लेकर पहुंचे दोनों पैरों से दिव्यांग युवक शंकर कहार के लिए जब कलेक्टर को पता चला कि वह सीढ़ियां चढ़कर पहली मंजिल तक नहीं पहुंच सकता, तो उन्होंने औपचारिकता निभाने के बजाय खुद नीचे पहुंचकर युवक की समस्या सुनी।
कलेक्टर कार्यालय की पहली मंजिल पर जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान शंकर कहार अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचा। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण उसके लिए सीढ़ियां चढ़कर जनसुनवाई स्थल तक पहुंचना संभव नहीं था। जानकारी मिलते ही कलेक्टर हरेंद्र नारायण जनसुनवाई से उठकर नीचे पहुंचे और युवक से मुलाकात कर उसकी समस्या सुनी।
गुब्बारे बेचकर करता है परिवार का भरण-पोषण
शंकर कहार ने कलेक्टर को बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग है और उसके पास आवागमन का कोई समुचित साधन नहीं है। वह गुब्बारे बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रोजमर्रा के कामकाज और आजीविका के लिए उसे ट्राईसाइकिल की आवश्यकता है।
युवक की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि शंकर कहार को नियमानुसार ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की तत्काल कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर के इस संवेदनशील कदम की जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने सराहना की।
120 आवेदकों की सुनी समस्याएं
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 120 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ दूरस्थ अंचलों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन, नक्शा दुरुस्त कराने, अतिक्रमण हटाने, नाला गहरीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, बिजली एवं पानी की समस्या सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने के लिए भी व्यवस्था की गई थी।
यह भी पढ़े :-
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
उड़ान भरने से पहले विमान का इंजन फेल, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
नपा में तृतीय श्रेणी कर्मचारी को CMO की कुर्सी, राजिक अकिल का भाजपा पर तीखा हमला



