क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

24 घंटे में पीथमपुर से मिलीं पांच लापता नाबालिग बालिकाएं, पुलिस ने किया दस्तयाब

घर में डांट पड़ने से नाराज होकर पांचों सहेलियां बिना बताए काम की तलाश में चली गई थीं पीथमपुर, साइबर तकनीक से पुलिस ने तलाशा ठिकाना

24 घंटे में पीथमपुर से मिलीं पांच लापता नाबालिग बालिकाएं

Chhindwara 24 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:-
 थाना देहात क्षेत्र के ग्राम गांगीवाड़ा से एक साथ लापता हुईं पांच नाबालिग बालिकाओं को छिंदवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पीथमपुर, धार से दस्तयाब कर लिया। पुलिस की साइबर टीम की मदद से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम को पीथमपुर रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार 21 सितंबर 2026 को ग्राम गांगीवाड़ा की पांच नाबालिग बालिकाओं के परिजनों ने थाना देहात पहुंचकर उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने अलग-अलग अपराध क्रमांक दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी एवं थाना प्रभारी देहात के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस द्वारा बालिकाओं के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

मोबाइल की लोकेशन से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लापता बालिकाओं में से एक के पास मोबाइल फोन था और वह चालू स्थिति में था। इसके बाद पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन पीथमपुर सेक्टर-3, धार की मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर पीथमपुर के लिए रवाना की।

पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर तलाश की तो पांचों नाबालिग बालिकाएं सकुशल मिल गईं। पूछताछ में बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि घर में मोबाइल देखने, पढ़ाई नहीं करने और काम नहीं करने को लेकर परिजनों द्वारा डांटने से नाराज होकर वे आपस में एक राय होकर बिना बताए पीथमपुर चली गई थीं।

बाल कल्याण समिति के समक्ष काउंसलिंग

पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को पांचों बालिकाओं को दस्तयाब करने के बाद बाल कल्याण समिति, जिला धार के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां उनकी काउंसलिंग कराई गई। इसके बाद बालिकाओं को छिंदवाड़ा लाया गया और बाल कल्याण समिति छिंदवाड़ा के समक्ष काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर छिंदवाड़ा में रखा गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पांचों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। मामले में पुलिस टीम की सक्रियता और साइबर तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इनकी रही विशेष भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक जी.एस. राजपूत, निरीक्षक करिश्मा चौधरी, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक राजेश रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप यादव, महिला आरक्षक राजकुमारी, महिला आरक्षक प्रमीला, आरक्षक 414 ब्रजेश तथा साइबर सेल के आरक्षक आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।

यह भी पढ़े :-

दैनिक वेतनभोगियों की पुरानी सेवा को पेंशन में जोड़ने पर हाई कोर्ट का अहम फैसला

बिना अनुमति कॉलोनी काटना पड़ा भारी, निगम ने दो मामलों में थमाए नोटिस

कान्हीवाड़ा के रमेश राय बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष

शराबबंदी को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ से पहले पूर्णिमा वर्मा हाउस अरेस्ट

https://sidhi.mppolice.gov.in/%E0%A4%95%E0%A5%8B%E0%A4%A4%E0%A4%B5%E0%A4%BE%E0%A4%B2%E0%A5%80-%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B2%E0%A4%BF%E0%A4%B8-%E0%A4%A6%E0%A5%8D%E0%A4%B5%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A4%BE-%E0%A4%B2%E0%A4%BE%E0%A4%AA/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!