पूर्व विधायक रमेश दुबे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, चौरई क्षेत्र के मजरा-टोलों में सड़क निर्माण की मांग
बरसात में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को हो रही परेशानी, मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना से मार्ग स्वीकृत कराने का किया आग्रह
चौरई क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग, पूर्व विधायक रमेश दुबे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
Chhindwara 03 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- चौरई। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर चौरई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के आश्रित मजरा-टोलों में सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
पूर्व विधायक दुबे ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण की आवश्यकता बताई है। इनमें चौरई विकासखंड के ग्राम पंचायत क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले निशानजानोजी–पठराजंगलीरैयत, लोनीकला–डोंगरीटोला, आमटा–आमटा टोला, नौलाझिर–कोडरखापा, नवेगांव गोंड–चोरवतरी टोला, बिकला–बर्राटोला, चांद–बिछुआ मुख्य मार्ग से धोधरी हरहर तक तथा बिछुआ विकासखंड अंतर्गत चीचगांव–फगनू टोला मार्ग शामिल हैं।
पूर्व विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि इन क्षेत्रों के ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा लंबे समय से खराब आवागमन व्यवस्था की समस्या से अवगत कराया जा रहा है। विशेषकर बारिश के मौसम में इन मार्गों की स्थिति बेहद खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इन सभी मार्गों को मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के तहत शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
यह भी पढ़े :-
किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर आज सजेगी सुरों की महफिल, लूघरवाड़ा में गूंजेंगे सदाबहार गीत
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर छिंदवाड़ा में जश्न, राजीव भवन के सामने गूंजे जीत के नारे
7 अगस्त से सिवनी में शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, हथनापुर से होगा शुभारंभ



