सिवनी भाजपा की मासिक संगठनात्मक बैठक लखनादौन में संपन्न, संगठन की मजबूती और आगामी अभियानों पर हुआ मंथन
अशोक रोहाणी ने कहा- निर्धारित कार्यक्रमों की संगठन एप पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें, दिनेश राय बोले- बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत
सिवनी भाजपा की मासिक बैठक लखनादौन में संपन्न, संगठन मजबूती पर हुआ मंथन
Seoni 11 August 2026
लखनादौन/सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी जिला सिवनी की मासिक जिला संगठनात्मक बैठक लखनादौन स्थित वनरक्षक व्याख्यान कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सिवनी भाजपा के जिला संगठन प्रभारी एवं जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने सहभागिता की।

बैठक का शुभारंभ भारत माता, पार्टी के पितृ पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा राष्ट्रगीत के साथ किया गया।
निर्धारित कार्यक्रमों की जिलाध्यक्ष ने दी जानकारी
भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने जुलाई माह में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को कार्ययोजना के अनुसार संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले में ‘मन की बात’ कार्यक्रम का बेहतर आयोजन किया गया। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निर्धारित योजना के अनुसार चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वाधीनता दिवस के बाद अभियान का अगला चरण प्रारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। सभी मंडलों में नियमित मासिक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं जनविश्वास कार्यक्रम को जनस्पर्शी बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।
संगठन एप पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला संगठन प्रभारी अशोक रोहाणी ने जिला भाजपा एवं मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के सभी निर्धारित कार्यक्रम योजनाबद्ध तरीके से संचालित हो रहे हैं। इन कार्यक्रमों की निर्धारित योजना के अनुसार संगठन एप पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने पार्टी के अनुशासन को बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
रोहाणी ने हर घर तिरंगा अभियान एवं संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों को पार्टी की प्राथमिकता वाला अभियान बताते हुए इन्हें जनस्पर्शी एवं उपयोगी बनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकार के जनविश्वास अभियान में भी पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका सुनिश्चित होनी चाहिए। कार्यकर्ता प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोगी बनें।
‘संगठन ही हमारी शक्ति’ : दिनेश राय मुनमुन
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि संगठन ही हमारी शक्ति है। यह संगठनात्मक बैठक केवल नियमित औपचारिकता नहीं है, बल्कि अपने संकल्पों को दोहराने और कार्ययोजना को और मजबूत बनाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत कोई पद या व्यक्ति नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं, जो दिन-रात पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहना चाहिए और पार्टी के प्रत्येक अभियान को धरातल पर सफल बनाना चाहिए।

नेताओं ने तिरंगा यात्रा में भी लिया हिस्सा
बैठक के साथ ही लखनादौन में आयोजित तिरंगा यात्रा में भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद नीता पटेरिया, भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, मुकेश बघेल एवं गजानंद पंचेश्वर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुजीत जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया, पूर्व विधायक शशि ठाकुर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, डॉ. अभिजीत चौहान, संतोष नगपुरे, नवनीत ठाकुर, अनिल गोल्हानी, तरुण मुनिया टांक, प्रदीप राय सहित जिले के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सिवनी में विभिन्न कार्यक्रमों में की सहभागिता
पुलिस के 27,534 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति, सीएम बोले- सरकार आपके परिवार के लिए सबकुछ करेगी
सिवनी में कांग्रेस का संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर



