मध्यप्रदेशसिवनी
बेटे को बचाने नाले में कूदी मां, बच गई लेकिन 4 वर्षीय मासूम तेज बहाव में बहा; 500 मीटर दूर मिला शव
तेज बारिश से उफनाए नाले में हुआ हादसा, एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया
Seoni 20 July 2026
सिवनी यशो:- कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर नागपुर रोड स्थित हरिदर्शन नगर के पास छोटी पुलिया क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।
तेज बारिश के कारण उफनाए नाले के तेज बहाव में चार वर्षीय मासूम ऋषि यादव, पिता लोकेश यादव, बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम ऋषि अचानक नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गया। बेटे को बहता देख उसकी मां सुनीता यादव बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नाले में कूद पड़ीं।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण मासूम ऋषि देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम पूर्ति तिवारी, तहसीलदार राधिका पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, होमगार्ड तथा एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद मासूम का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और रपटों को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए बारिश के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी सावधानियों का पालन करें।
12 वर्षों से सड़क पर बह रहा नाली का पानी, लाठगांव के ग्रामीण कीचड़ और गंदगी से परेशान
शिक्षकों की प्रताड़ना से छात्र ने छोड़ा स्कूल? प्राचार्य और उपप्राचार्य पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप