मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

अवैध बस और ऑटो संचालन से चरमराई यातायात व्यवस्था, जाम और मनमानी से जनता परेशान

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परासिया रोड पर रोजाना लग रहा जाम, नागरिकों ने प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग की

छिंदवाड़ा अवैध बस और ऑटो संचालन से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, कार्रवाई की मांग

Chhindwara 22 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर में अवैध बसों और ऑटो के मनमाने संचालन के कारण यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। रेलवे स्टेशन, परासिया रोड, बस स्टैंड सहित कई प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे बसों और ऑटो में सवारियां भरने से प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है।

इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों तथा बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर परिवहन नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। निर्धारित स्टैंड के बजाय सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियां बैठाई जा रही हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई ऑटो और बस संचालकों द्वारा क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं तथा मनमाने तरीके से किराया वसूला जाता है। रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्रियों से अधिक किराया लेने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं।

कुछ लोगों का कहना है कि नियमों का पालन कराने या शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार और धमकी जैसी घटनाएं भी होती हैं। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

शहरवासियों का कहना है कि लगातार शिकायतों और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद यदि स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है तो संबंधित विभागों को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस एवं परिवहन विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध बस और ऑटो संचालन, ओवरलोडिंग, मनमानी किराया वसूली तथा सड़क पर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।

साथ ही प्रमुख स्थानों पर स्थायी यातायात व्यवस्था लागू करने, ऑटो एवं बसों के लिए निर्धारित स्टैंड सुनिश्चित करने, किराया सूची सार्वजनिक करने तथा यातायात नियमों का समान रूप से पालन कराने की भी मांग उठाई है, ताकि शहरवासियों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

यह भी पढ़े :- 

पेंच टाइगर रिजर्व में 47 मैदानी कर्मचारियों को मिली पदोन्नति, पिपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे स्टार

शिक्षकों की प्रताड़ना से छात्र ने छोड़ा स्कूल? प्राचार्य और उपप्राचार्य पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप

मिलावटी और सिंथेटिक दूध पर सिवनी में शिकंजा, डेयरी व दूध विक्रेताओं से लिए गए नमूने

पेंच के रिसॉर्टों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री से मेहमानों की सेहत से खिलवाड़! विदेशी पर्यटकों के बीच MP की छवि पर सवाल

https://mplocalelection.mp.gov.in/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button