छिंदवाड़ा को मिली ऐतिहासिक सौगात: सांसद बंटी विवेक साहू ने 26 लाख के टेराफ्लेक्स बैडमिंटन कोर्ट का किया शुभारंभ
नए सिंथेटिक कोर्ट पर खुद खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, बोले-अब जिले का खेल स्तर तेजी से बढ़ेगा
बंटी विवेक साहू बैडमिंटन कोर्ट छिंदवाड़ा – खिलाड़ियों को मिली आधुनिक सुविधा
Chhindwara 19 April 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा जिले में खेल सुविधाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने 26 लाख रुपये की लागत से तैयार दो अत्याधुनिक टेराफ्लेक्स सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट की सौगात दी है।
ओलम्पिक स्टेडियम छिंदवाड़ा स्थित इनडोर बैडमिंटन हॉल में लंबे समय से शेष दो कोर्ट का कार्य अब पूर्ण हो गया है, जिससे जिले के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
सांसद ने कोर्ट पर खेलकर किया शुभारंभ
रविवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने स्वयं बैडमिंटन खिलाड़ियों के साथ खेलकर इन नए सिंथेटिक कोर्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
‘खिलाड़ियों का स्तर तेजी से बढ़ेगा’—सांसद
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के सहयोग से जिले को मिली यह सुविधा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन आधुनिक कोर्ट के शुरू होने से खिलाड़ियों के खेल स्तर में तेजी से सुधार होगा और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
खेलों को मिला नया प्रोत्साहन
सांसद ने कहा कि पूर्व में खेलों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर नहीं मिल सका। लेकिन पिछले दो वर्षों में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में लगातार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर खिलाड़ियों को मंच प्रदान किया जा रहा है।
अब इसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है, जहां जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया संबोधन
इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके एवं विश्वामित्र अवार्डी के.आर. तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया और नई सुविधा के लिए शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण और खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने खेल मैदान का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।





