धतुरिया में जल क्रांति: श्रमदान से नाले पर बोरी बंधान, 40 बोरियों से थामा बहता पानी
जन अभियान परिषद व ग्रामीणों की सहभागिता से जल संचय अभियान को मिली मजबूती
Seoni 19 December 2025
सिवनी यशो:- जल संकट से निपटने और भूजल स्तर बढ़ाने की दिशा में ग्राम धतुरिया में एक सराहनीय पहल सामने आई है। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सिवनी के अंतर्गत नवांकुर संस्था बहुउद्देशीय शहरी एवं ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा ग्राम धतुरिया में जल संचय अभियान के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जल संरक्षण, ग्राम स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से जल संसाधनों के संरक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों को जल बचाने और वर्षा जल के अधिकतम उपयोग के लिए जागरूक किया गया।
श्रमदान से बना जल संरक्षण का ढांचा
बैठक के उपरांत ग्राम धतुरिया के समीप स्थित नाले पर सामूहिक श्रमदान किया गया। इस दौरान 40 से अधिक बोरियों का बोरी बंधान कर नाले के जल प्रवाह को नियंत्रित किया गया, जिससे पानी का संचय सुनिश्चित हो सके।
इस पहल से आगामी समय में भूजल स्तर बढ़ाने और कृषि कार्यों में लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अधिकारियों व ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला,
ब्लॉक समन्वयक श्रीमती मोनिका चौरसिया,
नवांकुर संस्था से बद्री सनोड़िया,
परामर्शदाता शोभा बघेल,
राहुल पाण्डेय,
सुधीर ठाकुर,
श्रीमती कविता बेले,
प्रस्फुटन समिति प्रतिनिधि,
सरपंच प्रतिनिधि,
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सामूहिक प्रयास से स्थायी समाधान की ओर कदम
ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और जल संरक्षण को सिर्फ योजना नहीं,
बल्कि जनआंदोलन के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।
यह पहल न केवल धतुरिया,
बल्कि आसपास के गांवों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बन रही है।
धतुरिया में जल संचय अभियान के तहत किया गया
बोरी बंधान यह साबित करता है कि-
जब प्रशासन, संस्थाएं और ग्रामीण एक साथ आते हैं, तो जल संकट जैसी बड़ी चुनौती का भी समाधान संभव है।



